लखीमपुर खीरी। नागरिकता संशोधन कानून व एनआरसी को लेकर इस जुमे पर भी सौहार्द बरकरार रहे, इसको लेकर प्रशासन गंभीर है। गुरुवार को जिले के 23 थानों पर हुई शांति समिति की बैठकों में अफसरों ने साफ कहा कि नागरिकता संशोधन कानून 2019 किसी भी धर्म के भारतीय नागरिक को प्रभावित नहीं करता है। कुछ लोग अफवाह फैलाकर अमन-चैन बिगाड़ना चाहते हैं। अफवाहों पर कतई ध्यान न दें। भ्रम फैलाने वालों से सतर्क रहें। ऐसा कोई काम न करें, जिससे कानून व्यवस्था बिगड़े। इस दौरान नागरिकता संशोधन कानून को लेकर छपवाए गए पंफलेट भी बांटे गए। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह व एसपी पूनम के निर्देश पर गत जुमे की नमाज के अनुसार फोर्स तैनात किया गया है।
शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर पुलिस महकमा अलर्ट है। सदर कोतवाली में शांति समिति की बैठक में डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अराजक तत्वों पर सभी लोग नजर रखें, यदि कोई गड़बड़ी करने की कोशिश करे तो तत्काल जानकारी दें। एसपी पूनम ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने व अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। अफसरों ने सभी से पूर्व की तरह शांति व्यवस्था कामय रखने और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।