संपूर्णानगर। किसान सहकारी चीनी मिल ने नवीन सत्र 2019-20 का किसानों का दो दिसंबर तक का 11 करोड़ रुपयों का भुगतान बैंकों में भेजा है। इस पर किसानों ने पिछला भुगतान किए जाने की मांग मिल के अधिकारियों से की है।
किसान सहकारी चीनी मिल लिमिटेड द्वारा नवीन सत्र 2019-20 तक किसानों का दो दिसंबर तक गन्ना का भुगतान भेजा है। जबकि पिछला भुगतान अभी भी चीनी मिल ने नहीं दिया। इसको लेकर किसानों में रोष है। किसानों का कहना है कि नवीन सत्र का पैसा तो आ रहा है जिसमें किसानों की एक दो पर्ची ही लगी है जबकि पिछला भुगतान अभी तक नहीं आया है। मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी डॉॅ. दनिमेश राय ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर बाद किसान अपना पैसा निकाल सकते हैं। दो दिसंबर तक का 11 करोड़ रुपये का भुगतान बैंक को भेज दिया गया है। वहीं पुराने भुगतान के बारे में मिल के उपाध्यक्ष इंद्रदीप सिंह बटन ने बताया कि शासन द्वारा कई करोड़ रुपये आने वाला है उसके आते ही किसानों का पिछला भुगतान भेज दिया जाएगा।
बेलरायां चीनी मिल ने सात दिनों का भेजा गन्ना भुगतान
बेलरायां। सरजू सहकारी चीनी मिल ने नवीन गन्ना पेराई सत्र में खरीदे गए सात दिनों के गन्ने का भुगतान किसानों के बैंक खातों में भेज दिया है। इससे किसानों के चेहरे पर खुशी आ गई है। चीनी मिल प्रधान प्रबंधक सुशील कुमार गौड़ ने बताया कि मिल ने नवीन गन्ना पेराई सत्र में खरीदे गए गन्ने का 921 लाख छह हजार रुपया का भुगतान किसानों के खातों में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि चीनी मिल बेलरायां अपनी पूरी क्षमता से पेराई कर रही है। किसानों से अपील करते हुए कहा की किसान मिल को साफ-सुथरा और अंगोला रहित ताजा गन्ना ही आपूर्ति करें।