लखीमपुर खीरी। दिल्ली से आए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया टीम सदस्य ने शहर के शौचालयों का निरीक्षण किया। उनकी साफ सफाई के साथ वहां पर मौजूद सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य शहरों को साफ सुथरा रख खुले में शौचमुक्त कराना है। इसके लिए शहर में व्यक्तिगत के साथ सार्वजनिक शौचालयों का भी निर्माण कराया गया। इसमें से एक दो को छोड़कर शेष सभी में साल भर से ताले ही लटक रहे हैं। मगर, क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया टीम के आने की जानकारी लगते ही पालिका प्रशासन ने शौचालयों के ताले ही नहीं खुलवाए, बल्कि उनमें जो कमियां थी उन्हें दुरुस्त करा दिया। फिलहाल तमाम ऐसे शौचालय थे जो काफी जर्जर हो चुके थे। इनकी दशा सुधारने के लिए न तो नगर पालिका आगे आई और न ही इनसे आमदनी करने वाले ही । निरीक्षण के दौरान पालिका की फजीहत न हो, इसलिए पालिका प्रशासन ने इनकी रंगाई पुताई कराने के साथ साबुन, तौलिया, नेपकिन आदि की उपलब्धता करते हुए बिजली और पानी का भी इंतजाम करा दिया। जो शहरवासियों में खासा चर्चित रहा। हालांकि टीम सदस्य ने गोपनीयता की बात कहकर निरीक्षण के बारे में कुछ भी बताने से मना कर दिया। अधिशाषी अधिकारी आरआर अंबेश का कहना है कि दिल्ली से आए टीम सदस्य ने शौचालयों का निरीक्षण किया है। शहर की सफाई व्यवस्था को भी देखा है।