लखीमपुर खीरी। पासिंग आउट परेड को लेकर रिक्रूट में गजब का उत्साह दिखा। परेड को यादगार बनाने के लिए रिक्रूट पूरे दिन मैदान की रंगाई-पुताई करने से लेकर रंगोली आदि बनाकर सजाने में जुटे रहे। करीब पौने दो सौ रिक्रूट सोमवार को होने वाली पासिंग आउट परेड (दीक्षांत समारोह) के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस के बेड़े में शामिल हो जाएंगे।
लखीमपुर खीरी पुलिस लाइंस में करीब पौने दो सौ रिक्रूट प्रशिक्षण ले रहे थे, जिन्होंने छह महीने का प्रशिक्षण सफलता पूर्वक पूरा कर लिया है। सोमवार को सुबह नौ बजे पासिंग आउट परेड होगी। परेड के बाद यह प्रशिक्षु उत्तर प्रदेश पुलिस के बेड़े में शामिल हो जाएंगे। पासिंग आउट परेड को लेकर पुलिस लाइंस में तैयारियां अंतिम दौर में है। मैदान को संवारने और सजाने के लिए रिक्रूट में गजब का उत्साह दिखा। सभी रिक्रूट एक-दूसरे को सहयोग करते हुए पूरे दिन मैदान को सजाने व संवारने में लगे रहे। कोई मिट्टी के बर्तनों को अलग-अलग रंगों में रंगने में मस्त था तो कोई टोली बनाकर रंगोली बनाने में जुटे दिखे। शाम तक पूरे मैदान को रिक्रूट ने आकर्षक ढंग से सजा दिया। अलग-अलग रंगों के लगाए झंडे मैदान की शोभा बढ़ा रहे थे। अपने लाड़ले की पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेने और इन क्षणों को संजोने के लिए अधिकतर रिक्रूट के परिवार वाले भी पहुंच चुके हैं। परेड के बाद रिक्रूट का यह दल यूपी पुलिस के बेडे़ में शामिल हो जाएगा।
पौने दो सौ रिक्रूट की सोमवार को पासिंग आउट परेड होगी, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
-पूनम, पुलिस अधीक्षक