लखीमपुर खीरी। रात में अकेली महिला की मदद कर उसके घर पहुंचाने की योजना पर एसपी ने सात में से चार सीओ सर्किलों में अमल शुरू करा दिया है। सीओ सर्किल सदर, गोला, पलिया और मोहम्मदी में दो-दो महिला सिपाहियों की पुलिस रिस्पांस व्हीकल 112 (पीआरवी) पर तैनाती कर सेवा शुरू कर दी गई।
पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने दुष्कर्म, छेड़छाड़ की घटनाओं को देखते हुए यूपी 112 की पीआरवी पर दो-दो महिला सिपाहियों को तैनात करने के निर्देश देते हुए गाइड लाइन जारी की थी, जिसके मुताबिक रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक यदि कोई महिला सड़क पर अकेली है। उसे घर जाने में देर हो गई है और वह यूपी 112 पर कॉल कर मदद मांगती है तो उसे महिला पीआरवी एस्कोर्ट कर गंतव्य तक पहुंचाएगी। डीजीपी के आदेश के बाद एसपी पूनम ने सभी थानों से महिला आरक्षियों के नाम मांगे थे। नाम मिलने के बाद एसपी ने सीओ सर्किल सदर, गोला, मोहम्मदी और पलिया में पीआरवी पर दो-दो महिला सिपाही तैनात की हैं। इसके अलावा एक महिला आरक्षी रिजर्व में रहेगी। शुक्रवार से पीआरवी पर तैनात महिला सिपाहियों दो शिफ्टों में ड्यूटी भी प्रारंभ कर दी।
प्रभारी निरीक्षक यूपी 112 देंगे अवकाश
पीआरवी 112 पर तैनात की गईं महिला आरक्षियों को अब यूपी 112 के प्रभारी निरीक्षक अधिकतम तीन दिनों का अवकाश दे सकेंगे। तीन दिन से अधिक का अवकाश यूपी 112 के नोडल अफसर एएसपी देंगे। पीआरवी पर तैनात महिला सिपाहियों से कोई अतिरिक्त कार्य नहीं लिया जाएगा।
इन पीआरवी में रहेंगी महिला सिपाही
सर्किल संख्या पीआरवी मोबाइल नंबर
सदर 2850 7311152850
2851 7311152851
गोला 2852 7311152852
पलिया 2855 7311152855
मोहम्मदी 2856 7311152856
जिले की 10 प्रतिशत पीआरवी पर महिला सिपाहियों को नियुक्ति कर दी गई है। जिसका पहले दिन ही परिणाम बहुत अच्छा रहा है। कई महिलाओं को सुरक्षित घर तक पहुंचाया गया है। भीड़भाड़ वाले स्थानों, स्कूल कॉलेजों के पास महिला थाना की सिपाही स्कूटी से एस्कोर्ट कर निगाह रखेंगी।
-पूनम, पुलिस अधीक्षक