धनगढ़ी (नेपाल)। कंचनपुर जिले के मायापुरी सामुदायिक वन में घास काटने गईं महिलाओं पर जंगली हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया। जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई और चार महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। उनको सघन इलाज के लिए भारत के शहर खटीमा भेजा गया है ।
पुलिस के अनुसार कंचनपुर जिले की महाकाली नगर पालिका के तहत वार्ड नंबर दो में स्थित मायापुरी सामुदायिक वन में बुधवार की सुबह छह बजे घास काटने गईं महिलाओं पर जंगली हाथियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। हमले में बसंती भट्ट (38), भूरी देवी बोहरा (50), सुनीता बिष्ट, सरिता ओझा, ललिता बोहरा, उमा सांउद गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। महिलाओं के चिल्लाने पर ग्राम वासियों ने हाथियों के झुंड को हो हल्ला कर और आग जलाकर भगाया। जख्मी महिलाओं को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर बसंती भट्ट व भूरी देवी की मौत हो गई । जख्मी महिलाओं को इलाज के लिए भारत के उत्तराखंड प्रदेश के खटीमा शहर लिए रेफर किया गया है ।