पलियाकलां। अभी पालिका सदस्य व कर्मचारियों के विवाद समाप्त हुए ज्यादा दिन भी नहीं हुए थे कि अब नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सफाई कर्मचारी टैक्स और पीएफ समेत बकाया मजदूरी की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में नगर पालिका कार्यालय पर सफाई कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया और जुलूस निकालते हुए तहसील पहुंचे। यहां विरोध प्रदर्शन करने के बाद एसडीएम को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार को दिया। जिसमें कटे हुए टैक्स व पीएफ समेत बकाया मजदूरी दिलाने की मांग की गई।
नगर पालिका परिषद में ठेके पर कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों ने ठेकेदार व सफाई इंस्पेक्टर पर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कार्यालय में धरना देने के बाद सभी तहसील पहुंचे। यहां एसडीएम को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार आशीष कुमार सिंह को सौंपा। जिसमें कहा गया है कि ठेकेदार की तरफ से 259 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मासिक 7770 रुपये बनता है। आरोप है ठेकेदार द्वारा केवल छह हजार रुपये मजदूरी का भुगतान किया जाता है शेष धनराशि पीएफ व टैक्स में कटने की बात बताई जाती है। बीते एक अगस्त 2018 से 30 अगस्त 2019 तक का काटा गया टैक्स व पीएफ मांगा जाता है तो सफाई इंस्पेक्टर द्वारा इसका ब्यौरा नहीं दिया जाता है। ठेकेदार का कहना है कि वह संपूर्ण दिहाड़ी के हिसाब से भुगतान करते हैं। सफाई कर्मचारियों ने ज्ञापन देकर मजदूरी में कटा पीएफ व टैक्स की जानकारी के साथ ही मजदूरी का भुगतान कराने की मांग की है। इस दौरान तौलेराम, नरेश, सुनील, शक्ति, कुसुम देवी, रागनी, सीमा, कुंती देवी, सीमा देवी, ममता, कंचन, बादल, विकास, गुड्डी, हिमांशु, दिनेश, संदीप, गोलू, लालराम, गुड्डू सहित काफी संख्या में महिला व पुरुष सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।