चार से 30 जनवरी के बीच टीम करेंगी सर्वेक्षण
लखीमुपर खीरी। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। शहर की स्वच्छता रेटिंग निर्धारित करने के लिए केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम जनवरी 2020 में शहर आएंगी। टीम के सदस्य सफाई के लिए नगर पालिका में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी लेंगे और वार्डों का भ्रमण कर शहर में सफाई की स्थिति परखेंगे। नगरवासियों से सफाई व्यवस्था पर प्रतिक्रिया भी लेेगें।
केंद्रीय टीम सफाई के मामले में भौतिक सत्यापन करेंगी, जिसके आधार पर शहर को अंक देकर रेटिंग निर्धारित की जाएगी। हांलाकि जनवरी 2019 में स्वच्छता रेटिंग पर नगर पालिका का 320वें स्थान रहा। जबकि पालिका प्रशासन ने टॉप-100 की सूची में शामिल होने के लिए तमाम प्रयास किए थे। मगर, 2019 सर्वेक्षण में जो रेटिंग आई उसको लेकर नगर पालिका की खूब किरकिरी हुई, क्योंकि पालिका प्रशासन ने नगर की सफाई व्यवस्था पर लाखों रुपये पानी की तरह बहाए, लेकिन रिजल्ट शून्य रहा। शहर में गंदगी के ढ़ेर एवं चोक नाले-नालियों के कारण पालिका को नागरिक प्रतिक्रिया बेहतर नहीं मिलीं। जो मुख्य रुप से रेटिंग प्रभावित करने का कारण रहीं। इस बार भी पालिका प्रशासन टॉप-100 सूची में शामल होने के लिए प्रयासरत है और इस बार भी पैसा पानी की तरह बहाया जा रहा है। वहीं नागरिकों को भी जागरूक किया जा रहा है ताकि वह सर्वेक्षण टीम को अच्छी प्रतिक्रिया दें। इसके लिए नगर के चौराहों पर होडिंग भी लगवाए जा रहे हैं।
किस काम के कितने अंक
प्रत्यक्ष अवलोकन- 1500
नागरिक प्रतिक्रिया-1500
सर्विस लेवल प्रोग्राम-1500
म्यूनिसिपल डॉक्यूमेंटेशन- 1500
वर्ष- रैंक
2017- 410
2018-353
2019-320
पूछे जाने वाले प्रमुख सवाल
1. क्या आपको पता है कि आपका शहर स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में भाग ले रहा है।
2. क्या सफाई कर्मी आपके घर कूड़ा लेने आता है।
3. सफाई कर्मी सूखा और गीला कूड़ा अलग अलग देने को कहता है।
4. क्या आप शहर में बने शौचालयों की सफाई व्यवस्था से संतुष्ट हैं।
5. क्या आप सफाई व्यवस्था से संतुष्ट हैं।
6. आप स्वच्छता के मामले में शहर को कितने अंक देना चाहोगे।
मूल्यांकन में इन पर टिकी रहेंगी निगाह
स्वच्छ सर्वेक्षण के मूल्यांकन में कूड़ा कलेक्शन एवं निस्तारण की व्यवस्था, नाला सफाई एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की स्थिति, सूखा एवं गीला कूड़ा अलग रखने की व्यवस्था, कितने नागरिकों ने स्वच्छता एप डाउनलोड किया और एप पर आई शिकायतों के निस्तारण की भी स्थिति देखी जाएगी।
शहरवासियों के सहयोग पर है निर्भर
शहर को बेहतर रैंक दिलाने के लिए निरंतर प्रयास जारी है। इसमें नगरवासियों का सहयोग जरूरी है। लोगों से अपील है कि जनवरी में होने वाले सर्वेक्षण में नगर को बेहतर रैंक दिलाने के लिए पूरा सहयोग करें, क्योंकि शहरवासियों के सहयोग के बिना अच्छी रैंक ला पाना मुश्किल है। - आर आर अंबेेश, अधिशासी अधिकारी