धौरहरा। शारदा नहर में डूबे सात साल के मासूम का शव सोमवार की सुबह गोताखोरों ने नदी से बरामद कर लिया। शव मिलने से उसके परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने परिवार वालों को ढाढस बधाते हुए मदद का आश्वासन दिया है।
तीन दिन पहले अपने परिवार सहित थाना फूलबेहड़ के गोपालापुर कुशमौरी निवासी रामप्रसाद के जुड़वा पुत्र सात वर्षीय मोनू और सोनू शारदा बैराज स्थित गायत्री महायज्ञ के नवीन प्रयाग मेले में आए थे। रविवार को वापस गंगोलिया निवासी अपने नाना रामसुदर्शन के घर जाते समय शारदा नदी किनारे दोनों शौच को चले गए। नदी में पैर फिसलने से सोनू का पैर फिसल गया। उसे पकड़ने के प्रयास में मोनू भी गिर गया। परिवार के लोगों ने सोनू को किसी तरह से सकुशल बाहर निकाल लिया था, लेकिन मोनू का पता नहीं चल सका था। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक हरिओम श्रीवास्तव और शारदाननगर चौकी इंचार्ज महेश गंगवार ने स्थानीय गोताखोरों से तलाश कराई, लेकिन अंधेरा होने तक कोई कामयाबी नहीं मिली। सोमवार सुबह फिर गोताखोरों ने सर्च अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद गोताखोरों ने मोनू का शव बरामद कर लिया। बच्चे का शव देख उसके परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम एस सुधाकरन ने मृतक बच्चे के परिवार वालों को ढाढस बधाते हुए मदद का आश्वासन दिया।