कुकरा। बांकेगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत पहाड़पुर में कोटेदार से परेशान कार्ड धारकों ने गांव में ही विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान शांति देवी व उनके पति गंगाराम से राशन वितरण व्यवस्था सही कराने की मांग की। प्रधान ने कोटेदार की शिकायत तहसीलदार से की है।
पहाड़पुर के कार्ड धारक मोनपाल, अमल सरकार, अरविंद कुमार, संजीव कुमार, सुरजीत, बनवारीलाल, शिल्पी देवी, शकुंतला, सुशीला देवी, बिटोली, सरोजनी, प्रीती देवी आदि का कहना है कि कोटेदार अजय कुमार कभी मशीन खराब होने तो कभी नेटवर्क न होने का बहाना कर कार्ड धारकों को दुकान से वापस कर देता है। कार्डधारक सवाल जवाब करतें हैं तो कार्ड कटवाने की धमकी देता है। लोगों से अंगूठा लगवाकर तीन दिन के बाद आने को कहता है। तीन दिन बाद जब पहुंचों तो राशन न बचने का बहाना कर अगली बार बुलाता है। कार्ड धारकों की समस्या पर प्रधान प्रतिनिधि गंगाराम ने तहसीलदार विपिन कुमार द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा है। तहसीलदार ने जांच कराकर समस्या का निदान कराने का आश्वासन दिया है।