लखीमपुर खीरी। शादी का झांसा देकर युवक ने लखीमपुर की युवती को सूरत (गुजरात) ले गया। वहां उससे दुष्कर्म किया। युवती ने जब शादी का दबाव बनाया तो उसे बहाने से लखीमपुर लाया और छोड़कर भाग निकला। सदर कोतवाली पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर निवासी युवती की आंबेडकर नगर जिले के गांव भदैंया निवासी युवक से जान पहचान हो गई। युवक का उसके पड़ोस में आना जाना था। दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ गया। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा दिया। वह उसके झांसे में आ गई। युवक ने सूरत (गुजरात) बुलाया। वह दो अक्तूबर को सूरत रेलवे स्टेशन पहुंची। दोपहर करीब 12 बजे युवक आया और उसे अपने किराये के कमरे में ले गया। जहां उसे बतौर पत्नी बनाकर 11 दिन तक रखा। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो उसे बहाने से लाकर लखीमपुर छोड़कर भाग निकला। पीड़ित युवती ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक पान सिंह ने बताया की युवती की तहरीर पर नीरज कन्नौजिया निवासी भदैंया जिला अंबेडकरनगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है।