लखीमुपर खीरी। लखीमपुर मैलानी के बीच ट्रेन चलने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। सीआरएस(रेल संरक्षा आयुक्त) ने 25 और 26 अक्तूबर की तारीख निश्चित की है। वह दो बार में ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। कार्यदायी संस्था इससे पहले 22 अक्तूबर को लखीमपुर मैलानी के बीच इंजन ट्रायल कराएगी।
कार्यदायी संस्था के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर मोहम्मद आरिफ खान ने बताया कि लखीमपुर मैलानी रेलवे ट्रैक का स्पीड ट्रायल करने के लिए सीआरएस ने तारीख निर्धारित कर दी है। इससे पहले 22 अक्तूबर को ट्रैक पर इंजन ट्रायल होगा। बता दें कि सीतापुर लखीमपुर के बीच 28 अगस्त को ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ था। इसके बाद से लोगों को उम्मीद हो गई थी कि अब जल्द से जल्द से लखीमपुर मैलानी के बीच ट्रेनें चलने लगेंगी। मगर, एक माह से अधिक का समय बीतने के बाद भी जब सीआरएस की तिथि निर्धारित नहीं हुई तो लोग मायूस होकर रह गए। अब लोग नए साल में ही ट्रेन संचालन की संभावनाए जताने लगे थे। इस बीच शनिवार को सीआरएस की तिथि निर्धारित हो जाने से यात्रियों में खुशी छा गई।
दो बार में होगा सीआरएस ट्रायल
डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर का कहना है कि रेलवे ट्रेक की लंबाई 61 किलोमीटर है। इसलिए इस का ट्रायल दो बार में होगा। उन्होंने बताया कि 25 अक्तूबर को लखीमपुर गोला और 26 अक्तूबर को को गोला मैलानी रेलवे ट्रैक का ट्रायल होगा।