लखीमपुर खीरी। शहर के एक मोहल्ले में एक 15 वर्षीय बालिका का 25 जून को विवाह होना था। बताते हैं कि बालिका इसके लिए तैयार नहीं थी, जिसकी सूचना मिलने पर चाइल्ड लाइन टीम मोहल्ले में पहुंची और शादी रुकवा दी।
चाइल्ड लाइन समन्वयक प्रदीप शुक्ला ने बताया कि नाबालिग बालिका की शादी होने की जानकारी मिलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय निगम ने इसे रुकवाने के निर्देश दिए। जिस पर चाइल्ड लाइन टीम जेलगेट चौकी इंचार्ज जय प्रकाश यादव के साथ उसके घर पहुंची। पूछताछ के दौरान बालिका की मां ने सीतापुर जिले के एक कस्बे से 25 जून को बरात आने का जानकारी दी। टीम ने जब इसे अपराध बताया तो मां ने जानकारी होने से इंकार किया। बातचीत में बालिका ने कहा कि कक्षा नौ की छात्रा है। अभी शादी न करके आगे पढ़ने का इरादा है। माता पिता जबरन शादी करा रहे हैं। कानून के डर से बालिका के घरवालों ने बाल कल्याण समिति को शादी न करने के बारे में लिखित में शपथ पत्र दिया है।