धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के हौकना मटेरा गांव में सोमवार शाम घाघरा नदी में डूबने से एक बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे बाद शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
हौकना मटेरा गांव निवासी सुरेश का 10 वर्षीय पुत्र शोभित सोमवार शाम गांव के पास लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान वह घाघरा घाट पर पानी पीने के लिए नदी किनारे पहुंचा। बताया जा रहा है कि पानी पीते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
बालक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद करीब दो घंटे बाद उसका शव नदी से बरामद किया गया।
घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। एसडीएम शशिकांत मणि ने बताया मृतक के परिजनों को चार लाख की आर्थिक शासकीय सहायता दी जाएगी।