पलियाकलां। एक मुनीम द्वारा व्यापारी का लाखों रुपये का माल चोरी करने का मामला सामने आया है। नगर व्यापार मंडल के बैनर तले एकजुट हुए व्यापारियों ने प्रभारी निरीक्षक से मिलकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है।
पूरा मामला पलिया मंडी स्थित सुरेश चंद्र एंड संस और केवी ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा है। फर्म के स्वामी नीरज गर्ग ने बताया कि उनके यहां कार्यरत मुनीम ने लाखों का माल चोरी किया है। उनके अनुसार, बीते 12 मार्च को उन्होंने एक फर्म को 160 क्विंटल लाही बेची थी, इसकी कीमत लाखों में थी।
जब काफी समय तक पार्टी को माल नहीं मिला तो खोजबीन शुरू हुई। 15 अप्रैल को जब मुनीम से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने फोन पर अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि मुनीम ने न सिर्फ 160 क्विंटल लाही, बल्कि इसके अलावा 200 क्विंटल गेहूं और 150 क्विंटल धान भी रास्ते में ही किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया और पैसे डकार लिए।
आरोप यह भी है कि इस बड़ी साजिश में मुनीम की पत्नी और पुत्र भी बराबर के हिस्सेदार हैं। आरोप है कि घटना का खुलासा होने के बाद से ही मुनीम सपरिवार भागा हुआ है। मंगलवार को नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारी अमित महाजन, गौरव गुप्ता, श्याम आनंद, जसपाल गोहनिया और राजीव गुप्ता आदि व्यापारी कोतवाली पहुंचे और प्रभारी पंकज त्रिपाठी से मुनीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी का कहना है कि दूसरे पक्ष को बुलाया गया है। पूछताछ के बाद सत्यता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।