सोमवार दोपहर खीरी ब्रांच नहर में वनकर्मियों को एक मादा चीतल का शव उतराता मिला। वनकर्मियों ने शव को पानी से बाहर निकाल कर बांकेगंज पशु चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया इसके बाद जंगल में दफन कर दिया।
मैलानी रेंज की जटपुरा बीट के वन दरोगा रमेश मिश्र और वनरक्षक सियाराम दोपहर खीरी ब्रांच नहर पटरी पर जंगल गश्त कर रहे थे। उन्हें महुरेना बीट के कंपार्टमेंट 22 बी के नजदीक नहर के अंदर पानी में चीतल का शव उतराता दिखाई पड़ा। उन्होंने इसकी सूचना रेंजर मैलानी डीएस यादव को देने के साथ ही शव को पानी से बाहर निकाला।
रेंजर के निर्देश पर वनकर्मी चीतल के शव को लेकर बांकेगंज पशु चिकित्सालय पहुंचे। जहां डॉ. रवीकांत वर्मा ने पोस्टमार्टम किया। उन्होंने बताया कि चीतल के माथे पर चोट के निशान पाए गए हैं। उसकी मृत्यु लगभग 15 घंटे पहले हुई है। पोस्टमार्टम के बाद वनकर्मियों ने चीतल का शव जंगल में दफन कर दिया।