शहर में आईडीएफ मीटरों को बदलने और बिजली चोरी रोकने के लिए एक बार फिर अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जो 15 अप्रैल से मोहल्लों में जाकर अभियान चलाएंगी। बिजली अधिकारियों का कहना है कि शहर में खराब मीटरों को बदलने के लिए एक हजार मीटर मंगाए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक शहर में आईडीएफ मीटरों की संख्या और बिजली खपत बढ़ने के बाद से अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। उनके मुताबिक ईदगाह क्षेत्र, नई बस्ती और गढ़ी क्षेत्र में दो टीमें चेकिंग करेंगी। इसमें घरेलू, कामर्शियल और पावर के कनेक्शनों की जांच की जाएगी और उनके मीटर बदले जाएंगे। जेई मनोज पुष्कर ने बताया कि चेकिंग को लेकर मंगलवार को अधिकारियों से और विस्तार से चर्चा की जाएगी। वहीं जेई मीटर मो. कामिल ने बताया कि आईडीएफ मीटरों को बदलने के लिए एक हजार मीटर मंगाए गए हैं, जो शहर और देहात क्षेत्रों में घरेलू और कामर्शियल कनेक्शनों पर लगाए जाएंगे। इसके अलावा एक हजार मीटर और लगाने के लिए आएंगे।