निघासन। सिंगाही थाना क्षेत्र के एक युवक ने कुछ लोगों पर डी-फार्मा में एडमिशन दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपये हड़पने और मांगने पर गालीगलौज, धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने सिंगाही थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
निबौरिया के मजरा पोखरी निवासी राम कैलाश पुत्र हरिश्चंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह डी-फार्मा में एडमिशन कराना चाहता था। इस सिलसिले में उनकी मुलाकात डॉ. एसके कौशल से हुई। कौशल ने उन्हें कुशीनगर जिले के रौरी बाजार निवासी नित्यानंद से मिलवाया। नित्यानंद ने एडमिशन कराने का भरोसा दिलाकर 20 जून 2018 को 50 हजार और पांच जुलाई 2018 को 15 हजार रुपये अपने बैंक खाते में मंगाए।
एडमिशन के कागज मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो नित्यानंद ने किस्तों में 25 हजार रुपये लौटाए लेकिन शेष 40 हजार रुपये अब तक नहीं दिए। आरोप है कि रुपये की मांग पर नित्यानंद ने गालीगलौज करते हुए हुए जान से मारने की धमकी दी। एसओ अजीत कुमार ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
ग्राम संगठन में लोन दिलाने के नाम पर ठगी
-एक लाख रुपये हड़पने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
निघासन। सिंगाही थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगहा खुर्द निवासी मेराज अली ने कुछ लोगों पर ठगी और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
मेराज अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी साईं प्रेरणा ग्राम संगठन की समूह सखी के रूप में कार्यरत हैं। इस दौरान तीन अक्तूबर को ग्राम संगठन से जुड़े विरेश कुमार और उसके सहयोगियों ने उसे आठ लाख रुपये का लोन दिलाने का प्रलोभन दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने इसके एवज में 1.50 लाख रुपये की मांग की। बातचीत के बाद एक लाख रुपये में समझौता हुआ। इसमें 30 हजार रुपये ऑनलाइन और 70 हजार रुपये नकद दे दिए।
एक साल बीत जाने के बावजूद न तो उसे लोन मिला और न ही उसकी धनराशि लौटाई। उसने आरोपियों से रकम वापस करने की मांग की तो वे टालमटोल करने लगे। आरोप है कि शिकायत की चेतावनी देने पर आरोपियों ने गालीगलौज कर धमकी दी।
पीड़ित ने सिंगाही पुलिस को पलिया ब्लॉक में तैनात विरेश कुमार, विमल, ओमप्रकाश, सतीश और प्रभात को नामजद करते हुए ठगी, अवैध वसूली तथा धमकी देने के आरोप में कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में सिंगाही थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।