लखीमपुर खीरी। शहर के एक मोहल्ला निवासी युवक को मध्य प्रदेश पुलिस अपने साथ ले गई है। युवक पर सीबीआई अफसर बनकर ठगी करने का आरोप है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने युवक के पास से एक करोड़ रुपये की नकदी भी बरामद की है।
कुछ दिनों पहले हुई ठगी के मामले में मध्य प्रदेश पुलिस खीरी पहुंची। टीम के पुलिसकर्मियों ने मोहल्ला शास्त्रीनगर में दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई। बताया जाता है कि युवक पर साइबर ठगी के जरिये करोड़ों रुपये ठगने का आरोप है। युवक पर ढाई करोड़ की ठगी का आरोप है।
दबिश के दौरान पुलिस द्वारा युवक के पास से एक करोड़ की नकदी बरामद होने की बात कही जा रही है। युवक सीबीआई का अफसर बनकर लोगों के साथ ठगी की घटना को अंजाम देता था। कोतवाली प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि टीम के आने की सूचना थी। पुलिस किस युवक को कौन से आरोप में अपने साथ ले गई, इस बात की जानकारी नहीं मिली है।