मोहम्मदी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे के प्राइवेट अस्पतालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बंद मिले अस्पतालों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मयंक मिश्र के निरीक्षण के दौरान सकुशल हॉस्पिटल, आरोग्य क्लीनिक और सनराइज हॉस्पिटल के संचालक अस्पताल बंद कर भाग गए। इस पर निरीक्षण कर रही टीम ने अस्पतालों पर नोटिस चस्पा कर दिए।
न्यू संजीवनी हॉस्पिटल, मेडिसिटी हॉस्पिटल और कृष्णा हॉस्पिटल में निरीक्षण के दौरान कोई भी डॉक्टर नहीं मिला। इन चिकित्सालयों के संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वह पंजीकरण आदि प्रपत्र चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में प्रेषित करें।
विद्यावती हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया तो पाया कि यह हॉस्पिटल आयुष चिकित्सा से पंजीकृत है। हॉस्पिटल संचालक को निर्देशित किया कि यदि किसी प्रकार का प्रसव इत्यादि कराया जाता है, कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि चिकित्सकविहीन व मानकविहीन चिकित्सालय संचालित मिलते हैं तो उन्हें सील कर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।