निघासन। सीएचसी में तैनात संविदा मेडिकल अफसर डॉ. त्रिभुवन सिंह गंगवार पर उनके सरकारी आवास के बाहर हमला कर सिर पर ईंट मार दी गई। घटना में डॉक्टर घायल हो गए, जबकि बचाव करने में केयर टेकर सुमनलता को भी चोट आई। पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. त्रिभुवन ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी साढ़े चार वर्षीय बेटी को सरकारी आवास के बाहर खेला रहे थे। इसी दौरान शराब के नशे में धुत एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और उनकी बेटी को गोद में उठा लिया। बेटी को छुड़ाने के दौरान वह व्यक्ति लड़खड़ाकर गिर पड़ा। इसके बाद डॉक्टर बेटी को लेकर आवास के अंदर चले गए।
डॉक्टर के मुताबिक, करीब दस मिनट बाद कुछ लोग बाइकों से उनके आवास के बाहर पहुंचे। इनमें शामिल निघासन निवासी नितिन कनौजिया ने उन्हें बाहर बुलाकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि नितिन ने अपने भाई निहाल कनौजिया को मारने का आरोप लगाते हुए ईंट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे घायल होकर बेहोश हो गए। इसके बाद डॉक्टर सीएचसी के इमरजेंसी कक्ष पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार और ड्रेसिंग की गई।
डॉक्टर ने बताया कि बीच-बचाव के दौरान उनकी बेटी की देखभाल कर रहीं केयर टेकर सुमनलता को भी धक्का लगने से घुटने में चोट आई। कोतवाल अवधराज सिंह सेंगर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।