अधिवक्ता संघ के चुनाव में जीत के बाद खुशी मनाते अधिवक्ता साथी।संवाद
निघासन। तहसील अधिवक्ता संघ निघासन के चुनाव में सोमवार को नई कार्यकारिणी का गठन हो गया। संघ के 139 सदस्यों में से 136 अधिवक्ताओं ने मतदान में हिस्सा लिया, जिसमें दो मत अवैध पाए गए।
मुख्य चुनाव अधिकारी डीपी सिंह व सहायक चुनाव अधिकारी मयंक कुमार वर्मा और रामकुमेश यादव की देखरेख में सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद करीब सवा घंटे बाद मतगणना शुरू हुई।
अध्यक्ष पद पर चंद्रकेश मिश्रा को 91 मत मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वीरेंद्र सिंह भदौरिया को 47 मतों के अंतर से पराजित किया। भदौरिया को मात्र 44 मत मिले, जबकि एक मत अवैध पाया गया।
उपाध्यक्ष पद पर अरुण कुमार गुप्ता ने 78 मत प्राप्त कर सोनेलाल को 20 मतों से हराया। सोनेलाल को 58 मत मिले। मंत्री पद पर मोहम्मद लतीफ खां ने 70 मत हासिल कर महेश पांडे को 33 मतों से हराया। महेश पांडे को 37 और राजू गिरि को 28 मत मिले, जबकि एक मत अवैध रहा।
संयुक्त मंत्री पद पर सर्वेश यादव, अंकेक्षक पद पर अखिल श्रीवास्तव, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर रमेश भार्गव और कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर रमेश भारती पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुके थे। विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान विजेताओं को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी गई और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जाहिर की गई।