लखीमपुर खीरी। गन्ना ढुलाई में ट्रैक्टर-ट्रॉला के संचालन पर रोक होने के बावजूद गोविंद शुगर मिल ऐरा अपने क्रय केंद्रों से गन्ने की ढुलाई ट्रैक्टर-ट्रॉला से करवा रहा है, जिसे छिपाने के लिए चालान पर फर्जी ट्रक का नंबर अंकित किया जा रहा है। गन्ना सहकारी समिति ऐरा के सचिव सुधीर कुमार ने इस मामले को मौके पर पकड़ा, तो जांच में अन्य तरह की गड़बड़ियां सामने आईं, जिसमें पता चला है कि क्रय केंद्र पर तोल/ लोडिंग न कराकर एक रसूखदार के खेत से गन्ना भरकर सीधे मिल में सप्लाई भेजी जा रही है।
गन्ना सहकारी समिति ऐरा के सचिव सुधीर कुमार ने मंगलवार की शाम को एडवंट्ज ग्रुप की गोविंद शुगर मिल ऐरा के मिल गेट पर कांटा संख्या सात का निरीक्षण किया। मौके पर क्रय केंद्र बेल्तुआ से लाया हुआ गन्ने से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉला मिला, जिसमें 215 क्विंटल गन्ना पाया गया। चालान की जांच में उस पर ट्रक संख्या यूपी 22 टी 2772 नंबर दर्ज पाया गया, जबकि तौल लिपिक के तौर पर बृजमोहन और ट्रांसपोर्टर के तौर पर राजीव कुमार अवस्थी का नाम दर्ज है। ट्रांसपोर्टर क्षेत्रीय विधायक के बेटे बताए जाते हैं, जिससे मामला हाईप्रोफाइल हो गया है।
वहीं चालक राजेंद्र निवासी बेल्तुआ ने बताया कि खेत से गन्ना भरकर क्रय केंद्र से चालान लेकर मिल में तौल कराने आया था। गन्ने की ढुलाई में गोरखधंधा सामने आने के बाद रसूखदार ट्रांसपोर्टर समेत चीनी मिल के अधिकारियों में खलबली मची है। सूत्रों के मुताबिक, एक मिल अधिकारी की मिलीभगत से गोरखधंधा चलाया जा रहा है, जो सेवानिवृत्त होने के बाद भी मिल में कार्यरत हैं।
छह पहिया वाले ट्रॉले बंद कर दिए गए हैं। चार पहिया वालो ट्रॉले से गन्ना लाया गया था। जांच की गई है, जिसमें क्रय केंद्र पर तौल के बाद ही ट्राला यहां लाया गया था। चालान पर ट्रक के नंबर की बाबत जांच की जा रही है।
- बीके सिंह, अध्यासी गन्ना
गन्ना ढुलाई में ट्रॉले के प्रयोग पर डीएम ने पहले ही रोक लगा रखी है। ऐरा मिल के प्रकरण की जांच कराई जा रही है। आरोप सही मिले तो चीनी मिल के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
- ब्रजेश कुमार पटेल, जिला गन्ना अधिकारी
बीच सड़क पर पलटी ट्रॉली, बाल बाल बचे लोग
महेवागंज। शारदा नगर मार्ग पर मुरादनगर के पास यूरिया से भरी एक ट्रॉली पलट गई। गनीमत रही कि कोई चपेट में नहीं आया। जबकि, बीच सड़क पर बोरियों के बिखरने से काफी देर तक लोगों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
फूलबेहड़ क्षेत्र में शारदा नगर मार्ग पर एक स्कूल के पास बुधवार सुबह यूरिया खाद से भरी एक ट्रॉली बीच सड़क पर पलट गई। ट्रैक्टर चालक ने बताया कि ट्रॉली के पहिए का नट अचानक कट जाने से ट्रॉली पलट गई। हालांकि ट्रैक्टर सवार और राहगीर बाल बाल बच गए। बीच सड़क पर बोरियों के गिरने से कुछ देर के लिए लोगों को आवागमन में असुविधा का सामना जरूर करना पड़ा। संवाद