नवरात्र के लिए संकटा देवी मंदिर में हो रही तैयारियां। संवाद
लखीमपुर खीरी। चैत्र नवरात्र के शुभारंभ से पहले जिले भर के देवी मंदिर सजकर तैयार हो गए हैं। मंदिरों के बाहर प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानें भी सज गई हैं। संकटा देवी मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल के साथ चहल-पहल बढ़ गई है।
मंदिर परिसर में माता की प्रतिमाएं पूरी तरह तैयार हैं। आयोजक कमलेश मिश्रा ने बताया कि बंगाल से आए मूर्तिकारों ने मिट्टी की मूर्तियां तैयार की हैं। इनके शृंगार और सजावट का कार्य उमेश चंद्रदेव, ओम कश्यप और सोनू कश्यप द्वारा किया जा रहा है।
बुधवार रात मूर्तियों की स्थापना के साथ माता का भव्य दरबार सजाया जाएगा। आकर्षक रोशनी और फूलों से विशेष सजावट की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण मिलेगा।
मंदिर प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पंडाल, बैठने की व्यवस्था और दर्शन की लाइनों को सुव्यवस्थित करने पर जोर दिया गया है।
उधर, श्रद्धालुओं ने घरों में कलश स्थापना और नौ दिनों तक चलने वाले पूजन की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।