तहरीर देने पर चौकी पुलिस पर लगाया अभद्रता का आरोप
सीओ को ज्ञापन देकर की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग
सीओ ने मामले की जांच शहर कोतवाल को सौंपी
खीरी टाउन में गरीब परिवार आसमानी सेना के अध्यक्ष रामप्रकाश मिश्रा की मोहल्ला जोशी टोला के कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की तहरीर देने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उल्टे पीड़ित परिवार के साथ अभद्रता कर दी। जिससे आसमानी सेना के कार्यकर्ता भड़क गए। बड़ी संख्या में सीओ सिटी दफ्तर पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सीओ को एसपी के नाम संबोधित ज्ञापन देकर हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। सीओ ने मामले की जांच शहर कोतवाल को सौंपी है।
थाना खीरी के कस्बा टाउन के मोहल्ला अवधी टोला निवासी निधि मिश्रा ने बताया कि उनके पिता गरीब परिवार आसमानी सेना के अध्यक्ष हैं। बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे पिता संगठन के लोगों से संपर्क करने के लिए मोहल्ला जोशी टोला गए थे। पिता संगठन की सदस्य कमला के घर के पास गली में थे। उसी समय मोहल्ले के ही दो युवकों ने उन पर प्राणघातक हमला कर दिया। उनकी काफी पिटाई की। जिससे पिता घायल हो गए। मोहल्ले के लोग बचाने दौड़े और उसे मोबाइल पर सूचना दी। सूचना पर जब वह अपनी मां के साथ मौके पर पहुंची तो हमलावर जान से मार देने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना के बाद वह अपने पिता को लेकर खीरी टाउन पुलिस चौकी पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर नहीं ली। उल्टे फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी दी। पुलिस के इस व्यवहार से आसमानी सेना के कार्यकर्ता भड़क उठे। गुरुवार को तमाम कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सीओ सिटी दफ्तर पहुंचे और उन्हें एसपी के नाम संबोधित ज्ञापन सीओ को सौंपा। सीओ दफ्तर के बाद कार्यकर्ता शहर कोतवाली पहुंचे और वहां भी नारेबाजी की। सीओ सिटी ने बताया कि मामले की जांच शहर कोतवाल एसपी उपाध्याय को दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।