जमकर हुआ नगर पालिका बैठक में हंगामा, स्थगित
चेयरमैन और पालिका सदस्यों ने लगाया अभद्रता का आरोप, धरना और नारेबाजी
ईओ के खिलाफ पहुंचे डीएम के दरबार, की शिकायत
विवादों से जूझ रही नगर पालिका एक बार फिर एक नए विवाद में आ गई है। यहां हो रही बोर्ड की बैठक में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ और बैठक टल गई। बताया गया है कि बात तब बिगड़ी जब एक नामित सदस्य ने कमीशन के मामले को उठाया। इसके बाद चेयरमैन और ईओ/एसडीएम आमने-सामने आ गए। चेयरमैन और पालिका सदस्य ने उन पर अभद्रता का आरोप लगाया और हंगामा काटने लगे और वह वहां से चले गए। इसके बाद चेयरमैन और सदस्यों ने पालिका परिसर में जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन कर उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। चेयरमैन के साथ नामित सदस्यों को छोड़ तकरीबन सभी सदस्य जिला मुख्यालय पर डीएम के दरबार में पहुंचे और शिकायत की।
बता दें कि नगर पालिका बोर्ड की बैठक दो बार से ईओ/ एसडीएम की गैरमौजूदगी की वजह से टल गई थी। इससे बजट लटका हुआ था और उम्मीद थी कि मंगलवार को होने वाली बैठक सही सलामत हो जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बैठक शुरू होते ही एक नामित सदस्य ने कमीशन का मामला उठा दिया । जिस पर चेयरमैन केबी गुप्ता और प्रभारी ईओ और एसडीएम आलोक वर्मा आमने सामने आ गए। इसके बाद सदस्यों ने चेयरमैन के पक्ष में हंगामा शुरू कर दिया और प्रभारी ईओ के खिलाफ खूब बयानबाजी की। यहां से प्रभारी ईओ चले गए और चेयरमैन और पालिका सदस्य भी बाहर निकल आए। बैठक टल गई और बाहर आकर चेयरमैन और पालिका सदस्यों ने प्रभारी ईओ आलोक वर्मा के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन किया। आरोप है कि प्रभारी ईओ केबी गुप्ता के साथ अभद्रता की और जेल भिजवाने की धमकी दी । फोन पर पालिकाध्यक्ष ने डीएम से इस मामले की शिकायत की और फिर चेयरमैन नामित सदस्यों को छोड़ तकरीबन सभी सदस्यों के साथ जिला मुख्यालय पर डीएम कार्यालय पहुंचे और पूरे प्रकरण को बता कर प्रभारी ईओ पर कार्रवाई की मांग की। बताया गया है कि डीएम ने आश्वासन दिया है कि प्राथमिकता के आधार पर इस मामले को देखेंगे।
पालिका में इस दौरान काफी अफरा तफरी का माहौल रहा।
कर्मचारी संगठन, चेयरमैन के विरोध में आया
स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ ने प्रकरण पर एक पत्र अधिशासी अधिकारी को देते हुए आरोप लगाया है कि पालिकाध्यक्ष केबी गुप्ता ने 12 अप्रैल को पालिका बोर्ड की बैठक में एसडीएम आलोक वर्मा जिनके पास अधिशासी अधिकारी का भी दायित्व है के साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए अभद्र व्यवहार किया। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि एसडीएम की ओर से पालिकाध्यक्ष के विरुद्ध दर्ज कराए गए मुकदमे के कारण निपट लेने की धमकी भी दी गई। पत्र में कहा गया है कि विरोध में अब पालिका कर्मचारी भी कूद पड़े हैं । पालिका कर्मचारियों ने उक्त प्रकरण मे पालिकाध्यक्ष के खेद न प्रकट करने अथवा प्रशासन के उनके विरुद्ध इस प्रकरण मे कोई कार्रवाई न किए जाने की स्थिति मे आंदोलन शुरू करते हुए हड़ताल पर जाने की धमकी दी है । स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ ने चेयरमैन पर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह तो बर्दाश्त कर गए लेकिन अधिकारियों के साथ भी यही व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेंगे।