लखीमपुर खीरी। जनगणना-2027 के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अप्रैल में शुरू होने वाली प्रक्रिया में जनसंख्या के साथ मकानों की गिनती भी की जाएगी, जिसकी योजना लगभग फाइनल हो गई है। इसके लिए जिला स्तरीय समिति बनाई गई हैं, जिसकी अध्यक्ष डीएम हैं।
जनगणना के लिए जिला स्तरीय अफसरों को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी के साथ ही एडीएम, डीएसटीओ, बीएसए, डीपीआरओ आदि लगभग सभी जिला स्तरीय अधिकारी जनगणना कार्य की विशेष निगरानी करेंगे। जिला स्तरीय समिति के मुख्य दायित्व जनगणना-2027 की प्रारंभिक तैयारियाें जैसे प्रशिक्षण, मकानों की गणना, मकान सूचीकरण, जिला जनगणना हस्त पुस्तिका बनाना, जनसंख्या की गणना, वित्त एवं उपयोगिता प्रमाणपत्र, आंकड़ों के प्रकाशन एवं सारणीकरण आदि कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करना है।
एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जनगणना कराए जाने की प्रक्रिया तो शुरू कर दी गई है। जनगणना सेल भी गठित हो चुकी है। जनगणना के लिए ब्लाॅक बनाने व क्षेत्र की प्लानिंग की जा रही है। वैसे तो जनगणना में सभी अधिकारियों भूमिका रहेगी लेकिन ग्रामीण स्तर पर तहसीलवार व नगर स्तर पर ईओ की मुख्य भूमिका निर्वहन करेंगे।
16 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य
-जिले में होने वाली जनगणना को 16 माह में पूरा कराए जाने का लक्ष्य है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार, 30 जून, 2027 तक गणना का कार्य पूरा कराया जाना है। डीएम प्रमुख जनगणना कार्य अधिकारी होंगी। सीडीओ, एडीएम, बीएसए, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, डीएसटीओ, जिला, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी, जनगणना कार्य निदेशालय का प्रतिनिधि समिति में शामिल किए गए हैं।