ब्लॉक फूलबेहड़ में अभिलेख का निरीक्षण सीडीओ अनिल सिंह
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। सीडीओ अनिल कुुमार सिंह ने सोमवार को फूलबेहड़ ब्लॉक कार्यालय और ग्राम पंचायत महेवागंज के मजरा मझरा में मनरेगा से कराए गए कार्यों का निरीक्षण किया। ब्लॉक में निरीक्षण के दौरान एसबीएम फेज टू में स्वच्छ शौचालय के निर्धारित लक्ष्य 1629 के सापेक्ष 1197 शौचालय पूर्ण पाए गए और पंचायत भवन 24 के सापेक्ष 18 पूर्ण मिले।
खंड प्रेरक मोइद अली से फील्ड विजिट के संबंध में जानकारी मांगे जाने पर वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका और फील्ड विजिट की डायरी प्रस्तुत की गई जो 2022 की थी। इस पर सीडीओ ने उसे फटकार लगाई और कठोर चेतावनी देते हुए नियमित रूप से फील्ड विजिट करते हुए अपूर्ण शौचालयों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने मनरेगा के मस्टर रोल निर्गत पंजिका का अवलोकन किया और एपीओ को मस्टर रोल पंजिका को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। स्थापना पटल पर उर्दू अनुवादक मोबीन अंसारी, एडीओ यशवंत सिंह व वीरेंद्र कुमार की सेवा पुस्तिका का निरीक्षण किया। पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत 2021-22 में निर्धारित लक्ष्य 1564 के सापेक्ष 888 आवास पूर्ण मिले। अवशेष आवासों की कर्मचारीवार समीक्षा की गई, जिसमें निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति होने पर संबंधित कर्मचारी को सीडीओ ने फटकार लगाई और अपूर्ण आवासों को 25 दिसंबर 2021 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायतों में आवास प्रतीक्षा सूची की वाल राइटिंग कराने के निर्देश दिए गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फूलबेहड़ में निरीक्षण के समय डॉ अमितेश द्विवेदी से मरीजों के परीक्षण से संबंधित जानकारी ली। महेवागंज के मझरा में मनरेगा से कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया, जहां पर 16 श्रमिक व सचिव डाली तिवारी, रोजगार सेवक महेश, मेट राजेंद्र कौर उपस्थित मिलीं। ब्लॉक में निरीक्षण के दौरान बीडीओ प्रीती तिवारी, जेई लघु सिंचाई रामकेवल गुप्ता, एडीओ यशवंत सिंह, दर्शन लाल, एपीओ ललित कुमार उपस्थित रहे।