क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में वाॅलीबॉल प्रतियोगिता के दौरान मैच खेलते खिलाड़ी। स्रोत : कॉलेज
- फोटो : संवाद
लखीमपुर खीरी। विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश शारीरिक शिक्षा व खेल विभाग की ओर से 36वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार को आयोजित की गई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में शतरंज, हैंडबॉल, फुटबॉल और नेटबॉल के मुकाबले हुए। इनमें विद्या भारती के चार प्रांतों के 47 से अधिक स्कूलों से आए 510 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग करके शानदार प्रदर्शन किया।
अंडर-14 नेटबॉल में पंडित दीनदयाल सीबीएसई टीम ने दीनदयाल यूपी बोर्ड की टीम को 11-8 से हराया। अंडर-14 हैंडबॉल में सीबीएसई टीम ने यूपी बोर्ड की टीम को 16-1 से बड़ी शिकस्त दी, जबकि एनटीपीसी टांडा (अंबेडकरनगर) ने सरस्वती विद्या मंदिर फतेहपुर को 8-0 से परास्त किया। अंडर-19 बालक वर्ग हैंडबॉल में पंडित दीनदयाल यूपी बोर्ड ने फतेहपुर की टीम को 11-3 से मात दी। अंडर-19 बालिका वर्ग हैंडबॉल में सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज लखीमपुर ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय सीबीएसई को हराकर जीत हासिल की।
प्रतियोगिता से पहले क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचंद ने मैदान में जाकर खिलाड़ियों से मुलाकात करके उनका हौसला बढ़ाया। प्रधानाचार्य अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि 14 अगस्त को खिताबी मुकाबलों के बाद विजेता टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।