लखीमपुर खीरी। 15 मार्च यानी शनिवार को सीबीएसई 12वीं की हिंदी कोर और हिंदी ऐच्छिक की परीक्षा थी। इस दौरान तमाम छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे। बोर्ड की ओर से परीक्षा में शामिल न हो पाने वाले परीक्षार्थियों के लिए एक और मौका देने का फैसला लिया है। इससे किन्हीं कारणों से परीक्षा न दे पाने वाले परीक्षार्थियों में खुशी है। जल्द ही परीक्षा की तिथि घोषित की जाएगी।
सीबीएसई के जिला कोआर्डिनेटर शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस बार की हिंदी की परीक्षा में 1652 में से 1619 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, वहीं 33 परीक्षार्थियों ने किन्हीं कारणों से परीक्षा छोड़ दी थी। सीबीएसई के कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन डॉ. संयाम भारद्वाज ने एक पत्र जारी करते हुए बताया कि जो परीक्षार्थी 15 मार्च को होने वाली हिंदी कोर और हिंदी ऐच्छिक परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें विशेष परीक्षा देने का एक और अवसर दिया जाएगा।
सीबीएसई की ओर से पत्र मिला है। जैसे ही परीक्षा कराने को लेकर निर्देश मिलेंगे, परीक्षा आयोजित कराई जाएगी। - शैलेंद्र गुप्ता, कोआर्डिनेटर सीबीएसई