गोला गोकर्णनाथ। खुटार मार्ग स्थित मोहल्ला वीरेंद्र नगर में एक युवती के कमरे में युवक की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने के कारण विसरा सुरक्षित रखा गया है।
मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव बगरेठी निवासी सतीश सिंह के 21 वर्षीय पुत्र बृजभूषण सिंह उर्फ पुनीत का शव शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में नगर निवासी एक युवती के कमरे में पड़ा मिला था। मृतक के परिजनों के अनुसार युवती और युवक के बीच प्रेम प्रसंग था। युवती के बुलाने पर वह उसके घर गया था। मृतक के पिता सतीश सिंह ने युवती और उसके माता-पिता पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।
इस मामले में पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं है। विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। शीघ्र विधिक कार्रवाई की जाएगी, जबकि घटना के दिन पुलिस की पूछताछ में युवती ने युवक द्वारा फांसी लगाने की बात कही थी।
युवती की तबीयत बिगड़ी, सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर
इधर, सोमवार को युवती की तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए सुबह 11:00 गोला सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टर के अनुसार युवती घटना को लेकर परेशान है। चिंता जैसी कोई बात नहीं है।