बेहजम कस्बे के पूर्व माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर गुरुवार की रात पोलिंग पार्टी पहुंची, जिसके बाद मध्य रात्रि को एक प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा लाए गए भोजन की दावत उड़ाई गई। इसकी भनक रात को ही डीएम किंजल सिंह को लग गई, जिसके बाद डीएम, एसपी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए तो चारों पोलिंग पार्टियां दावत उड़ाती मिलीं। चारों बूथों के पीठासीन अधिकारियों समेत पूरे स्टाफ को रात में ही वापस भेज दिया गया, जिसके बाद रात करीब दो बजे रिजर्व में रखी गई चार पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र पर भेजा गया। डीएम के आदेश पर नीमगांव पुलिस ने दो नामजद समेत आठ-दस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कस्बा बेहजम संवेदनशील बूथ में शुमार है, लेकिन इसके बावजूद पूर्व माध्यमिक विद्यालय के चार बूथों के पीठासीन अधिकारी समेत स्टाफ प्रलोभन का शिकार हो गया। एक प्रत्याशी और उनके समर्थकों द्वारा भेजे गए भोजन का सभी मतदान कर्मी आराम से आनंद ले रहे थे। तभी किसी ने मामले की शिकायत डीएम से कर दी। इसके बाद डीएम ने मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए खुद ही रेड मारी, जहां लोग दावत उड़ाते मिले। इसके बाद डीएम ने चारों पोलिंग पार्टियों को हटाकर रिजर्व में रखी गई टीमों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। इस पर बीडीओ बेहजम ने रात में ही दूसरी पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र के लिए रवाना किया। नीमगांव पुलिस ने बेहजम निवासी रवि उर्फ पिंटू और कालीचरन यादव समेत आठ-दस अज्ञात मतदान कर्मियों के खिलाफ धारा 188 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है।