लखीमपुर खीरी। वर्ष 2023-24 में विकासखंड फूलबेहड़ की पांच ग्राम पंचायतों में 31.83 लाख रुपये की सरकारी धनराशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। ऑडिट के दौरान विकास कार्यों पर दर्शाए गए खर्च पर सवाल उठे हैं, इससे वित्तीय अनियमितताओं की आशंका गहराने लगी है।
डीपीआरओ विशाल सिंह के अनुसार, ग्राम पंचायत इब्राहिमपुर में 3.26 लाख, राजापुर में 10.38 लाख, तेंदुआ में 10.19 लाख, अंजनापुर में 2.24 लाख और लौकिहा में 5.74 लाख रुपये खर्च दर्शाए गए हैं। ऑडिट टीम ने इन खर्चों के सत्यापन के लिए पंचायत सचिव नरेंद्र यादव से संबंधित अभिलेख मांगे, लेकिन बार-बार निर्देश के बावजूद अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए।
अभिलेख न देने पर डीपीआरओ को वित्तीय गड़बड़ी की आशंका हुई, इसके चलते पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया। साथ ही आरोपों की जांच के लिए बांकेगंज के सहायक विकास अधिकारी को ब्रांच अधिकारी नामित कर 15 दिन के भीतर साक्ष्यों सहित आरोपपत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।