पसगवां। थाना क्षेत्र के ग्राम दौदापुर में फार्म हाउस में घुसकर अनुसूचित जाति के चौकीदार को घायल करने के मामले में पुलिस ने अपर विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी के आदेश पर मुकदमा दर्जकर विवेचना शुरू कर दी है।
ग्राम दौदापुर निवासी राम लड़ैते ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह गांव में सुदीश प्रताप सिंह के फार्म हाउस में चौकीदारी करता था। 13 मार्च को रात नौ बजे गांव के ही दृगपाल, बल्लू, पिंटू, राजेश और राकेश ने मामूली विवाद में लाठी-डंडों और बांके से प्रहारकर राम लड़ैते को घायल कर दिया। राम लड़ैते ने रात में एक हमलावर को फार्म हाउस के अंदर आने से टोक दिया था।
न्यायालय ने मामले की सुनवाई कर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चालीस दिन बाद मारपीट और अनुसूचित जाति जनजाति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्जकर विवेचना सीओ मोहम्मदी को सौंप दी है। संवाद