पसगवां। जंगबहादुरगंज चौकी क्षेत्र के मस्तीपुर गांव में शनिवार रात घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार गायब हो गई। कार चला रहे सोनू राठौर ने चोरी की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। जीपीएस सिस्टम से कार की लोकेशन हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र में मिली है। पुलिस वारदात को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
सोनू राठौर ने बताया कि वह गुड़गांव, हरियाणा की स्पार्टन साल्यूशन सर्विस कंपनी की कार एग्रीमेंट के आधार पर चला रहा था। शनिवार रात रोज की तरह कार घर के दरवाजे पर खड़ी की थी। रविवार सुबह कार नहीं मिली तो आसपास तलाश करने और पड़ोसियों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को सूचना दी। मोबाइल फोन पर जीपीएस ट्रैक करने पर कार की लोकेशन पिलखुवा क्षेत्र में मिली।
सोनू ने पुलिस को कार के स्पार्टन कंपनी के नाम होने, एग्रीमेंट पेपर्स और लाइव जीपीएस लोकेशन की जानकारी देकर कार बरामद करने और चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। चौकी पुलिस सीसीटीवी खंगालने के साथ स्पार्टन और फाइनेंस कंपनी से संपर्क का प्रयास कर रही है। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।