ओयल। सीतापुर-लखीमपुर हाईवे पर कोहरे में एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई। जबकि कार सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
लखीमपुर कोतवाली सदर के मोहल्ला सिकटिहा निवासी देवेश वर्मा पुत्र सर्वेश वर्मा, केवल्य वर्मा पुत्र पवन वर्मा और अथर्व वर्मा (12) पुत्र अनुपम वर्मा सोमवार भोर में करीब चार बजे कार से सीतापुर की ओर से घर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी ओयल पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत सुंसी गांव के निकट शारदा सहायक बड़ी नहर पुल के पहले पहुंची तो कोहरे के चलते उनकी गाड़ी अंधे मोड़ पर पलटकर सड़क की दूसरी ओर जा गिरी। गाड़ी पलटने से उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। देवेश और केवल्य आगे बैठे थे और सीट बेल्ट लगा रखी थी जिससे उन्हें हल्की चोटें आई। बताते हैं कि गाड़ी में पीछे बैठे अथर्व बाहर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने तत्काल घायलों को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां अथर्व को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।