सड़कों पर रिक्शा, ठेले और दुकानदारों ने किया कब्जा
होटल और कांपलेक्स वालों ने बना दी पार्किंग
शहर की सड़कों पर जगह-जगह अतिक्रमण है, कहीं पर दुुकानदारों ने अपनी दुुकान का सामान फैलाकर अतिक्रमण कर लिया है तो कहीं पैसों के लालच में ठेले लगवा रखे है। रिक्शा और ऑटो चालक भी सड़कों पर ही अवैध स्टैंड बनाकर काबिज हैं। अतिक्रमण के कारण सड़कों से वाहनों का निकलना तो दूर की बात लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
शहर अतिक्रमण के मकड़जाल में फंसा है। सड़कों पर लगे अस्थाई और स्थाई अतिक्रमण के कारण सभी सड़के संकुचित हो चुकी है। जिला मुख्यालय होने के कारण हजारों लोग इलाज, कोर्ट कचहरी सहित अन्य कामों के चलते यहां आते हैं। वहीं सैकड़ों नौकरी और मजदूरी पेशा के लोगों का भी आना जाना होता है। संकुचित सड़कों के कारण लोगों को आए दिन जाम की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। हालांकि जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि समय-समय पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाता है, एक बार सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद पुलिस की जिम्मेदारी होती है कि वहां पर दुबारा अतिक्रमण न हो। पुलिस प्रशासन की लापरवाही के चलते अतिक्रमण होता है
सीतापुर रोड पर नहरिया के पास लगी जाम
सीतापुर रोड पर नहरिया के पास कई कॉलेज स्थित हैं और रोड के दोनों ओर पान के खोखे, खानपान की सामग्री बेचने वालों के साथ ही रिक्शा और ऑटो चालकों ने कब्जा कर रखा है, जिससे यहां पर जाम की समस्या बन जाती है। कॉलेज में छुट्टी होने पर जाम और भी बदतर हो जाता है और पैदल चलने वालों को रोड पार करने में काफी वक्त लग जाता है।
खोया और चूना मंडी में ठेले वाले बनते हैं जाम कारण
सदर चौराहे से संकटा देवी जाने वाली रोड व्यस्ततम रोड में शुमार है। यहां पर खोया, चूना, कपड़ा और सोने चांदी बाजार है। चूना आदि की बिक्री करने वालों ने सामग्री दुकानों के आगे फैला रखी है और विभिन्न सामग्री के ठेले भी लगवा दिए है, जिससे आए दिन यहां पर खासकर दोपहर और शाम को जाम की स्थिति बन जाती है।
कांपलेक्स के बनी अवैध पार्किंग
शहर की अस्पताल रोड, जहां पर दर्जनों मेडिकल स्टोर, अस्पताल, आईसीयू वार्ड और बैंक स्थित हैं, लेकिन इस रोड पर पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, जिससे यहां पर आने वाले लोग रोड के किनारे की अपने वाहनों को खड़ा कर देते हैं, जो जाम का कारण बनते हैं। वहीं दुकानदार भी अपनी दुुकानों के बोर्ड रोड पर लगाकर इसे घेर लेते हैं, जो जाम का कारण बनती है।
जिला अस्पताल के पास ठेलों वालों ने कर रखा अतिक्रमण
जिला अस्पताल के गेट से लेकर आईसी वार्ड और जीआईसी कॉलेज तक रोड के किनारे पान पुड़िया, जूस, चाय पूड़ी के दर्जनों ठेले लगे हैं। वहीं, रोड के दूसरी तरफ मेडिकल स्टोर मालिकों ने दुकान के आगे बोर्ड लगा रखे हैं। इससे आए दिन यहां पर जाम बन रहा है, जिससे सबसे ज्यादा दिक्कत 108 से आने मरीजों को होती है।
बोले जिम्मेदार
शहर अतिक्रमण की चपेट में हैं, कई बार अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, लेकिन पुलिस प्रशासन की अनदेखी के चलते पुन: अतिक्रमणकारी काबिज हो जाते हैं। जल्द ही अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया जाएगा।
- अवनींद्र कुमार, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका