लड़की से छोड़छाड़ को लेकर कॉलेज के बाहर दो छात्र गुटों में हुई मारपीट
सोमवार से शुरू होने वाली कानपुर विश्वविद्यालय की स्नातक परीक्षाओं के लिए प्रवेशपत्रों का वितरण शुरू हो गया है। प्रवेशपत्र लेने के लिए पहले दिन विद्यार्थियों की काफी भीड़ रही। वितरण काउंटरों पर दिन भर लंबी कतार लगी रहीं। इस दौरान कॉलेज परिसर के बाहर किसी लड़की के साथ छेड़छाड़ के मामले को लेकर दो छात्र गुटों में मारपीट भी हुई।
कानपुर विश्वविद्यालय बीए की परीक्षाएं छह मार्च से शुरू हो रही हैं। युवराजदत्त महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीएन मालपानी ने बताया कि 7500 संस्थागत परीक्षार्थी और 5000 व्यक्तिगत परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बीएससी और बीकॉम की परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हो रही हैं। इसके बाद परास्नातक कक्षाओं की परीक्षाएं होंगी। परीक्षा के लिए महाविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शांतिपूर्ण और नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए शिक्षकों को दायित्व सौंपे गए हैं।
पलियाकलां। राजकीय डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षाओं को लेकर बुधवार से प्रवेश पत्रों का वितरण शुरू हो गया है। प्रवेश पत्र लेने के लिए डिग्री कॉलेज में छात्र-छात्राओं की भीड़ लगी रही।
श्री गुरु गोविंद सिंह राजकीय डिग्री कॉलेज में बुधवार से प्रवेश पत्रों का वितरण शुरू हो गया है। पहले चरण में बीकॉम प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र पत्र बांटे जा रहे हैं। इस बार प्रवेश पत्रों को लेकर कॉलेज में पांच काउंटर बनाए गए हैं। गौरतलब है कि बीए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष में लगभग 4200 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। बीए की परीक्षा छह मार्च से शुरू हो रही हैं।
बीकॉम की परीक्षाएं 16 से, दस से होगा प्रवेश पत्रों का वितरण
बीकॉम प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू होंगी। कॉलेज के विश्राम राना और जितेन्द्र शर्मा पिंकू ने बताया कि बीकॉम की परीक्षाओं को लेकर छात्र-छात्राओं में प्रवेश पत्रों का वितरण 10 मार्च से किया जाएगा। 000
सीसीटीवी कैमरे की नजर में होंगी परीक्षाएं
इस बार डिग्री कॉलेज में सीसीटीवी कैमरों का भी प्रयोग किया जाएगा। परीक्षा में होने वाली नकल तथा अन्य बिंदुओं पर नजर रखने के लिए कालेज परिसर में कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हालांकि कैमरे पहले से ही कॉलेज में लग चुके थे, लेकिन परीक्षाओं में उनका इस्तेमाल विशेष रुप से किए जाने की तैयारी है। इससे नकल रोकने में काफी मदद मिलेगी।
प्रवेश पत्रों के साथ दी जा रही पत्रिका
डिग्री कॉलेज में इस बार छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्रों के साथ ही कॉलेज की वार्षिक पत्रिकाओं का भी नि:शुल्क वितरण किया जा रहा है। शारदा नाम की इस पत्रिका में कॉलेज के कई बच्चों के लेख और कविताएं आदि प्रकाशित हैं।
प्रवेशपत्र वितरण के दौरान दो छात्र गुटों में मारपीट
लखीमपुर खीरी। प्रवेशपत्र वितरण के दौरान एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ को लेकर दो छात्र गुटों में मारपीट हो गई। घटना कॉलेज परिसर के बाहर हुई। किसी दुकानदार ने घटना की सूचना पुलिस और प्रिंसिपल को दी। यूपी 100 के आने पर किसी तरह मामला शांत हुआ। प्रवेशपत्र वितरण के दौरान काफी भीड़ होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर केवल एक होमगार्ड तैनात था, जो स्थिति संभालने में विफल रहा।
पुलिस बल न मिला तो परीक्षा में होगी दिक्कत
लखीमपुर खीरी। परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्राचार्य डॉ. डीएन मालपानी ने पर्याप्त सुरक्षा बल की मांग की है। चुनाव के चलते मांग के अनुरूप पुलिस बल मिलने की संभावना नहीं दिख रही है। इसके चलते शांतिपूर्ण परीक्षा कराने में दिक्कत आ सकती हैं।