मैलानी में पकड़े गए बंदरस्रोत-नगर पंचायत
मैलानी। बंदरों के हमले में दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद हरकत में आए नगर पंचायत प्रशासन ने रविवार से बंदरों को पकड़वाने का अभियान शुरू कर दिया। इसके के लिए शनिवार को मथुरा से टीम बुलाई गई थी। अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी ने बताया कि टीम ने रविवार सुबह 45 बंदर पकड़े हैं। पकड़े गए बंदरों को आसपास के कस्बों से दूर सुरक्षित छुड़वाया जाएगा।
बता दें कि 19 जुलाई को रामलीला निवासी विपिन तिवारी पर बंदरों ने हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया था। हमले में उनके चेहरे की कोई नस कट गई थी। बमुश्किल रक्तस्राव बंद हो सका था। इसके बाद बृहस्पतिवार मोहल्ला पंचायत निवासी संदीप उर्फ डिंपल पर बंदरों के हमले से छत से गिर पड़ा था, जिससे उसके दोनों पैरों की हड्डी टूट गई थी। इससे पहले भी बंदरों के हमले में 12 से अधिक लोग जख्मी हो चुके थे। भयभीत नगरवासियों ने भीषण गर्मी में भी छतों पर सोना और कपड़े सुखाना तक बंद कर दिया है। संवाद