बिजली विभाग के अधिकारियों ने बिजली की सप्लाई के लिए नए रोस्टर का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके मुताबिक तीन चरणों में नौ घंटे बिजली कटौती की जाएगी। यह नया रोस्टर विद्यार्थियों और व्यापारियों पर भारी पड़ने वाला है। क्योंकि इस रोस्टर से शहर को ऐसे समय पर बिजली मिलेगी, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षाओं की तैयारी करने और व्यापारियों को लघु उद्योग धंधों के संचालन में दिक्कत आएगी। हालांकि ग्रामीण इलाकों में 10 घंटे की बिजली सप्लाई में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
बिजली विभाग द्वारा सिस्टम कंट्रोल को भेजे गए प्रस्ताव के मुताबिक सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक फिर पौने चार बजे से लेकर पौने सात बजे तक और रात में 10 बजे से लेकर एक बजे तक बिजली कटौती की बात कही गई है। इस प्रस्ताव के मुताबिक शहर में तीन चरणों में नौ घंटे की बिजली कटौती की जाएगी। बता दें कि शहर में इससे पूर्व लागू रोस्टर से ही व्यापारियों को खासी दिक्कत हो रही थी, अब इस नए प्रस्ताव से लघु उद्योग धंधों के संचालन में और ज्यादा परेशानी होगी।
व्यापारियों का कहना है कि सुबह के समय बिजली कटौती होने से व्यापार पर बुरा असर पड़ेगा। छोटी इकाइयां, खराद की मशीनें, कृषि यंत्र तैयार करने वाले छोटे कारखाने, फोटो स्टेट की दुकानें आदि व्यापार बुरी तरह प्रभावित होंगे। वहीं 16 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड की परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे विद्यार्थियों को भी बिजली कटौती की मार झेलनी पड़ेगी। क्योंकि रात में जिस समय विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए पढ़ाई करनी पड़ती है, उस समय रात 10 बजे के बाद बिजली विभाग का रोस्टर लागू हो जाएगा। जिससे उन्हें बिजली सप्लाई नहीं मिल पाएगी। ईदगाह विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता आरएन मिश्रा ने बताया कि डिवीजन की ओर से यह प्रस्ताव सिस्टम कंट्रोल को भेजा गया है, हालांकि अभी 132 केवी छाउछ उपकेंद्र पर इस संबंध में नया शेड्यूल नहीं आया है। लेकिन जल्द ही यह शेड्यूल लागू हो जाएगा।