लखीमपुर खीरी। लगातार बढ़ रहे सोने-चांदी के मूल्य से सराफा बाजार में सुस्ती देखने को मिल रही है। मौजूदा समय में 1,34,500 रुपये दस ग्राम सोने का मूल्य है। चांदी भी एक लाख 97 हजार प्रति किलो के करीब पहुंच गई है। दुकानदारों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने से बने गहनों की मांग ज्यादा होती है, लेकिन इस समय कारोबार न के बराबर हो रहा है।
शादी समारोह समाप्त होने के बाद भी सोने-चांदी के मूल्यों में कमी नहीं दिखाई दे रही है। हर रोज सोने और चांदी के मूल्यों में बेतहाशा वृद्धि दर्ज हो रही है। इससे सराफा व्यापारी परेशान हैं। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रहे मूल्य से ग्राहक दुकान और शोरूम पर नहीं आ रहे हैं। अन्य दिनों के मुकाबले सोने-चांदी से बने आभूषणों की बिक्री पर खासा असर पड़ा है। पूरे दिन ग्राहकों का इंतजार करना पड़ रहा है।
शहर के काशीनाथ ज्वेलर्स के मैनेजर कमलेश अवस्थी ने बताया कि इस समय 24 कैरेट वाला सोना 1,34,500 रुपये में और 22 कैरेट सोने का मूल्य 1,23,100 रुपये प्रति दस ग्राम है। चांदी का दाम हर रोज बढ़ता जा रही है।
व्यापारी हरिश्याम गुप्ता ने बताया कि चांदी के भाव लगातार बढ़ने के मुख्य कारण औद्योगिक मांग में भारी वृद्धि जैसे इलेक्ट्रिक वाहन, सोलर पैनल में उपयोग, आपूर्ति में कमी, मांग के मुकाबले खनन से उत्पादन कम, दूसरे देशों में युद्ध और वित्तीय बाजार में डॉलर के कमजोर होने से निवेश में वृद्धि है, जिससे चांदी की कीमतें ऐतिहासिक ऊंचाइयों पर पहुंच गई हैं।
पिछले छह महीने में चांदी के दाम (प्रति किलो में)
1 अप्रैल को 88 हजार रुपये
मई में 95 हजार रुपये
जुलाई एक लाख 13 हजार रुपये
सितंबर में 1 लाख 30 हजार रुपये
अक्तूबर में रिकॉर्ड उछाल 2 लाख रुपये के पार
आज का भाव एक लाख 97 हजार रुपये