धौरहरा। ईसानगर क्षेत्र के गांव सधुवापुर निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग रामलाल लोधी को सांड़ ने सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल रामलाल की लखीमपुर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
रामधार लोधी मंगलवार को अपने घर से हसनपुर कटौली बाजार जा रहे थे। बाजार के पास पीछे से अचानक आए सांड़ ने उन्हें सींगों के सहारे उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद सांड़ उन्हें रौंदते हुए भाग गया। हादसे में रामलाल के सिर में गंभीर चोट आई।
आस-पास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। गंभीर हालत में परिजन उन्हें लखीमपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
लगातार हो रहे हादसे, फिर भी नहीं जाग रहे जिम्मेदार
क्षेत्र में सांड़ों के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं। बीते दिनों भी सांड की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। इसके बावजूद पशुओं को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। एसडीएम राशी कृष्णा ने बताया कि कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत मृतक के परिवार को नियमानुसार सहायता दिलाई जाएगी।