धौरहरा। कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की एक भैंस, तमंचा, कारतूस, नकदी और चोरी का अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष रविन्द्र सोनकर ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिस टीम कस्बा धौरहरा बाइपास पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि तीन युवक चोरी की भैंस लेकर शहबाजपुर की ओर से मुख्य मार्ग पर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब 200 मीटर आगे कच्चे रास्ते पर तीनों को भैंस के साथ पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आकाश तिवारी, गोलू व कल्ली उर्फ सानू निवासी मोहल्ला बाजार वार्ड, कस्बा धौरहरा बताया। तलाशी के दौरान आकाश की जेब से 1350 रुपये और कल्ली के पास से एक तमंचा 315 बोर व एक कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि दो मार्च की रात सिसैया के पास सड़क किनारे से एक भैंस चोरी की थी। भैंस को हरिसिंहपुर के पास गन्ने के खेत में बांध दिया था। साथ ही पास की आटा चक्की से 20 किलो का बाट भी चोरी किया था।
इसके अलावा चार दिन पहले एक साथी कलीम के साथ मिलकर कस्बा धौरहरा में सोनू तमोली के नए मकान से फ्रिज, म्यूजिक सिस्टम, कुकर और पानी की मोटर चोरी की थी। बरामदगी के दौरान गोलू के घर से एक फ्रिज और 20 किलो का बाट बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामद भैंस को उसके मालिक श्रीकेशन को सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष रविन्द्र सोनकर ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।