लेखा पासबुक, एरियर अंतर भुगतान सहित विभिन्न लंबित समस्याओं का निराकरण न होने के विरोध में बुधवार को जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। बाद में लेखाधिकारी के आश्वासन पर यह लोग शांत हुए।
शिक्षकों ने कहा कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। अभी तक लेखा पासबुक नहीं बन पाई हैं और शिक्षकों के 17140 तथा 18150 वेतन के अवशेष अंतर बिलों का भुगतान नहीं हुआ है। धरना प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने लेखाधिकारी कार्यालय की कार्यशैली पर भी तीखे सवाल किए और शिक्षकों को जानबूझ कर परेशान करने का आरोप लगाया। शिक्षकों ने लेखाधिकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार की बात भी कही। धरने के दौरान ही लेखाधिकारी डीपी सिंह धरना स्थल पर आए। उन्होंने शासन को भेजे जाने वाला पत्र शिक्षकों को दिखाते हुए बताया कि उन्होंने धन आवंटित करने के लिए लिखा है जैसे ही उनके पास धन आ जाता है वे सभी शिक्षकों के अवशेष अंतर बिलों का भुगतान करवा देंगे। उन्होंने बताया लेखा पासबुक बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल प्रत्येक दस दिन के बाद उनके साथ बैठक कर कार्य की समीक्षा कर ले। इसके बाद शिक्षकों ने धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। शिक्षकों ने लेखाधिकारी को चेतावनी दी है कि यदि 15 मार्च तक सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो शिक्षक अगली रणनीति बनाएंगे। धरना प्रदर्शन के दौरान जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष आदित्य अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा, महामंत्री संतोष भार्गव, प्राथमिक शिक्षक संघ के जबर सिंह यादव गुट के जिलाध्यक्ष पृथ्वीपाल वर्मा, जिलामंत्री संजय मिश्रा तथा लल्लन मिश्रा गुट के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष संजीव त्रिपाठी सहित तमाम शिक्षक उपस्थित थे।