लखीमपुर खीरी। शादी के सीजन की शुरुआत के साथ ही शहर के कपड़ा बाजारों में रौनक लौट आई है। इस बार दुल्हनों के बीच लहंगों का क्रेज साफ नजर आ रहा है। व्यापारियों के अनुसार, ब्राइडल वियर में वेलवेट सिल्क और प्योर सिल्क लहंगों की सबसे अधिक मांग है। इसके साथ ही पेस्टल शेड्स, मिरर वर्क और हैवी एम्ब्रॉयडरी वाले लहंगे दुल्हनों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।
बाजार में इस बार फ्यूजन स्टाइल साड़ी-गाउन और ट्रेंडी लहंगे भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। शादी समारोहों में शामिल होने वाली युवतियों के लिए फैंसी, जिमीचू, नेट और प्लेन बॉर्डर विद वर्क लहंगे आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं साड़ियों में विचित्रा, बनारसी सिल्क, एचओ और लिनन की डिमांड तेजी से बढ़ी है।
कपड़ा दुकानदारों का कहना है कि मिरर वर्क, थ्रेड वर्क, कश्मीरी कढ़ाई और जरी से सजे लहंगे खास पसंद किए जा रहे हैं। नेट, वेलवेट और सिल्क फैब्रिक में बने ब्राइडल लहंगों की बिक्री बेहतर चल रही है। पेस्टल रंग की साड़ियों पर सिल्वर एम्ब्रॉयडरी और मेटैलिक बॉर्डर भी महिलाओं को खूब भा रहे हैं।
कीमत की बात करें तो बाजार में 1500 रुपये से लेकर 40 हजार रुपये तक के लहंगे उपलब्ध हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि शादी के सीजन में इस बार बिक्री बेहतर रहेगी।
खरीदारों का कहना है कि इस बार डिजाइन और रंगों में काफी वैरायटी है, जिससे बजट और पसंद के अनुसार चयन करना आसान हो गया है।
-
इस बार डिजाइन और रंगों में काफी वैरायटी है। पेस्टल रंगों के लहंगे और साड़ियों पर की गई कढ़ाई बेहद खूबसूरत लग रही है। कीमत भी पहले के मुकाबले ठीक है।
-पल्लवी (ग्राहक)
-
शादी की शॉपिंग इस बार आसान हो गई है। एक ही जगह नए ट्रेंड, अच्छे डिजाइन और हर बजट के विकल्प मिल रहे हैं।
-कुशाग्री मिश्रा (ग्राहक)
-
शादियां शुरू होते ही बाजार में भीड़ बढ़ गई है। खासकर युवतियां हल्के फैब्रिक और नए पैटर्न वाले लहंगे ज्यादा पसंद कर रही हैं।
-आकांक्षा (दुकानदार)
इस सीजन में वेलवेट सिल्क और प्योर सिल्क लहंगों की सबसे ज्यादा मांग है। हर बजट के विकल्प उपलब्ध होने से बिक्री अच्छी रहने की उम्मीद है।
-प्रज्ज्वल शेखर (दुकानदार)
पल्लवी
पल्लवी
पल्लवी
पल्लवी