प्रधान और सदस्य ग्राम पंचायत पद के लिए चुनाव लड़े उम्मीदवारों की किस्मत का पिटारा रविवार को मतगणना स्थलों पर खुल गया। वोटों की गिनती के साथ ही जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवारों के चेहरे खिल गए तो वहीं हारे हुए उम्मीदवारों के चेहरे मुरझा गए। चुनाव परिणामों पर नजर डालें तो जिले में महिलाओं ने आरक्षित सीटों से अलग भी चुनाव लड़कर दमखम दिखाया। वहीं नकहा ब्लाक की 73 ग्राम पंचायतों में 19 सीटों को छोड़ दें तो बाकी सब पर प्राइमरी पास प्रत्याशी ही चुनाव जीते। जबकि 30 वर्ष से ज्यादा उम्र के अधिक प्रत्याशियों ने बाजी मारी। फूलबेहड़ ब्लाक में युवा प्रत्याशियों का दबदबा रहा।
प्रधान और सदस्य पद के चुनाव परिणाम घोषित करने को लेकर सुबह से ही प्रशासन ने फुर्ती के साथ मतगणना शुरू कराई। एक न्याय पंचायत में छह टेबिलों की व्यवस्था की गई थी। जिनमें चार पर प्रधान पद और दो टेबिलों पर सदस्य पद की मतगणना की गई। नतीजतन जिले भर में 885 टेबिलों हुई मतगणना के कारण शाम पांच बजे लगभग सभी ब्लाकों के चुनाव परिणाम आ गए। कम समय में मतगणना पूरी करने में नकहा ब्लाक अव्वल रहा। यहां दोपहर तीन बजे तक सभी 73 ग्राम पंचायतों के चुनाव परिणाम आ गए थे। वहीं लखीमपुर ब्लाक में भी तेजी से मतगणना हुई। कुल 109 ग्राम पंचायतों का चुनाव परिणाम शाम चार बजे तक पूरा कर लिया गया। वैसे तो मतगणना सुबह सात बजे से शुरू होनी थी, लेकिन कई ब्लाकों में अव्यवस्थाओं के चलते एक से डेढ़ घंटे की देरी हुई। जिसके कारण प्रत्याशियों में नाराजगी भी देखी गई।
तेजी से की गई चुनाव परिणामों की फीडिंग
एक तरफ मतगणना स्थलों पर वोटों की गिनती का कार्य तेजी से किया जा रहा था तो दूसरी तरफ वहां लगे कंप्यूटरों पर चुनाव जीतने वाले प्रत्याशियों के नाम, वोटों की संख्या, हारे हुए प्रत्याशियों के नाम और वोटों की संख्या की फीडिंग का कार्य भी फुर्ती के साथ किया गया। जिसके कारण कुछ ही मिनटों में जीते हुए प्रत्याशियों की सूची ऑनलाइन होती चली गई।