पलिया (गौरीफंटा)। भारत-नेपाल सीमा के गौरीफंटा बार्डर से गेटा आंख अस्पताल जाने वाले भारतीयों को अब 36 घंटे पूर्व की कोविड जांच दिखानी होगी। जिसके बाद ही उनको नेपाल में इंट्री दी जाएगी।
भारत में कोविड-19 के बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए नेपाल सरकार ने सोमवार से नया आदेश जारी किया है, जिसके तहत अब जो भी गेटा आंख अस्पताल में इलाज कराने जाएगा, वह 36 घंटे पहले की कोरोना निगेटिव आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखाएगा, जिसके बाद ही उसे नेपाल में प्रवेश दिया जाएगा। नेपाल में व्यापार करने वाले भारतीयों के लिए भी यह जांच रिपोर्ट दिखानी अनिवार्य होगी। जांच रिपोर्ट न दिखाने पर नेपाल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।संवाद
-----
कैलाली, कंचनपुर जिलों के डीएम ने सीमा का किया निरीक्षण
धनगढ़ी (नेपाल)। भारत से स्वदेश लौट रहे नेपाली नागरिकों की सीमा पर कोरोना परीक्षण व्यवस्था को देखने के लिए गौरीफंटा बार्डर पर कैलाली और कंचनपुर जिलों के डीएम ने सोमवार दोपहर को निरीक्षण किया।
गौरीफंटा बार्डर से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में नेपालियों की वापसी हो रही है। गौरीफंटा-त्रिनगर बार्डर पर नेपाल सरकार ने भारत से आने वाले नेपाली व भारतीय लोगों की कोरोना पीसीआर जांच को लेकर कैंप बना रखा है, जिसमें दिनभर जांच होती है। सोमवार को कैलाली डीएम खगेंद्र प्रसाद रिजाल और कंचनपुर डीएम रामकुमार माहतो ने बार्डर पर पहुंचकर निरीक्षण किया। बार्डर पर कड़ाई करने के साथ ही प्रत्येक व्यक्ति की जांच के बाद ही नेपाल में प्रवेश दिए जाने के निर्देश दिए। संवाद