लखीमपुर खीरी। बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट प्लान के तहत जनपद के तीन ब्लॉकों पलिया, निघासन एवं रमियाबेहड़ में आधारभूत ढांचे के विकास के लिए बनाई गई कार्ययोजना को लेकर गुरुवार को डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें विकास कार्यों के लिए तैयार कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
कलक्ट्रेट सभागार में सीडीओ अरविंद सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में वर्ष 2020-21 की कार्ययोजना का अनुमोदन जिला स्तरीय समिति ने कर दिया। सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित ग्रामों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं जैसे उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, यूपीपीसीएल निर्माण खंड एक और लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड तीन द्वारा प्रस्तुत की गई कार्ययोजना पर विचार किया गया। डीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सबसे अधिक आवश्यकता आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के विकास की है। अत: कोई भी परियोजना इन्हीं बिंदुओं को दृष्टिगत रखते हुए निर्मित की जानी चाहिए। उन्होनें कहा कि पाइप पेयजल परियोजनाओं के तहत कार्यों के अवशेष उपयोगिता प्रमाण पत्र अविलंब प्रेषित कर दिए जाएं। सीडीओ अरविंद सिंह ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित ग्रामों की बेहतरी के लिए सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों के दृृष्टिगत गुणवत्तापूर्ण कार्य किए जाएं। परियोजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित गाइड लाइन एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। संचालन जिला स्तरीय समिति के सचिव एवं जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार सिंह ने किया। बैठक में डीएफओ उत्तरी डॉ अनिल कुमार पटेल, सीएमओ डॉ मनोज कुमार अग्रवाल, एएसपी अरूण कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी पीडब्लूडी निर्माण खंड तीन योगेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण अशोक कुमार मौजूद रहे।