गौरीफंटा (लखीमपुर खीरी) सीमा पर नेपाल एपीएफ के अधिकारियों से बात करते एसडीएम। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। एसडीएम पलिया डॉ. अमरेश कुमार ने शुक्रवार को गौरीफंटा सीमा का जायजा लिया। यहां उन्होंने एसएसबी और पुलिस अधिकारियों से सीमा की सुरक्षा के बारे में जानकारी ली। साथ ही सीमा पर नेपाल की तरफ से तैनात नेपाली एपीएफ के अधिकारियों से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को सतर्कता से कार्य करने को कहा।
बता दें कि चीन सरकार ने भारत की सीमाओं पर अपनी फोर्स बढ़ाई है, जिसके चलते यहां नेपाल सीमा पर भी एसएसबी के जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है साथ ही सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसी को लेकर एसडीएम पलिया डॉ. अमरेश कुमार ने नेपाल से लगी गौरीफंटा सीमा का जायजा लिया। यहां पुलिस अधिकारियों से वार्ता की। सुरक्षा व्यवस्था के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके बाद सीमा पर तैनात एसएसबी अधिकारियों से बातचीत की। साथ ही नो मैंस लैंड का भी हाल देखा। एसडीएम ने नेपाल सीमा पर तैनात नेपाली एपीएफ के अधिकारियों से बात करते हुए भारत का सहयोग करने और घुसपैठियों पर नजर रखने के बारे में सहयोग करने को कहा। इस दौरान गौरीफंटा प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र के अलावा एसएसबी अधिकारी मौजूद रहे।