लखीमपुर खीरी। आगामी 22 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर छात्र-छात्राएं दिन रात तैयारी करने में जुटे हुए हैं। परीक्षार्थियों की मदद को लेकर बोर्ड भी सहायक की भूमिका में नजर आ रहा है। बच्चों की सहायता के लिए बोर्ड ने वेबसाइट पर अपलोड किए हैं। परीक्षार्थी अलग-अलग विषय के प्रश्नपत्र लोड कर उसी के हिसाब से तैयारी कर सकते हैं।
दसवीं और 12वीं की परीक्षा संपन्न होने में महज 23 दिनों का समय शेष बचा हुआ है। विद्यार्थी दिन रात एक करते हुए अलग अलग विषयों की तैयारी में जुटे हुए हैं। बच्चों की तैयारी और बेहतर हो, इसमें बोर्ड भी बच्चों की मदद करने में लगा हुआ है। बच्चों के लिए बोर्ड ने अपनी वेबसाइट पर विभिन्न विषयों के प्रश्नपत्र अपलोड किए हैं, जिन्हें विद्यार्थी अपनी मोबाइल और कंप्यूटर के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं और तैयारी को और बेहतर बना सकते हैं। राजकीय और निजी स्कूलों के शिक्षकों का कहना है कि बच्चे अगर अच्छे नंबर हासिल करना चाहते हैं तो कम से तीन वर्षों के पुराने प्रश्नपत्रों को देखकर तैयारी करें।
इस तरह से करें प्रश्नपत्र डाउनलोड
बोर्ड की वेबसाइट https://upmsp.edu.in पर जाने के बाद कई तरह के बिंदु दिखाई देंगे। परीक्षार्थी इसमें से प्रश्नबैंक और मॉडल पेपर पर क्लिक करें। पेज पर क्लिक करते ही एक नया पेज खुल जाएगा, इसके बाद परीक्षार्थियों के सामने हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान सहित विभिन्न विषयों के प्रश्नपत्र दिखाई देंगे। डाउनलोड वाले बटन पर एक बार क्लिक करने से पेपर अपलोड हो जाएगा। विद्यार्थी चाहें तो मोबाइल से ही तैयारी कर लें या फिर प्रिंटआउट भी ले सकते हैं।
वर्जन
बच्चों को बेहतर अंक दिलाने के लिए बोर्ड ने मॉडल पेपर अपलोड किए गए हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के बच्चे कक्षा के अनुसार प्रश्नपत्र लोड करते हुए उससे अपनी तैयारी कर सकते हैं।
- डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, डीआईओएस